रंजिश में पड़ोसी पर गोली चला दी गोली

धनवापुर गांव के साथ लगती राम विहार कॉलोनी में आपसी रंजिश को लेकर एक युवक ने पड़ोसी पर गोली चला दी। लेकिन गनीमत रही की निशाना चूक गया और पड़ोसी की जान बच गई। गोली चलाने के बाद जान से मारने की धमकी देता हुआ आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। शुक्रवार को राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की है। 


पुलिस के अनुसार रामबीर सिंह ने मामले की शिकायत दी है। वह मूल रूप से यूपी अलीगढ़ के हिरनपुरा के रहने वाले हैं। गुड़गांव में एक निजी कंपनी में नौकरी कर राम विहार में रहते हैं। उनके बगल में ही धनवापुर निवासी सन्नी दहिया के बड़े भाई का मकान है। सन्नी के बड़े भाई की मौत हो चुकी है। दोनों के मकान अगल-बगल होने के चलते दीवार में पानी रिसने को लेकर कई बार कहासुनी हो चुकी है। एक बार तो मामला पुलिस तक भी पहुंचा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कराई गई। रामबीर सिंह का आरोप है कि गुरुवार रात करीब सवा 11 बजे वे पास की सब्जी मंडी से सामान लेकर घर आ रहे थे। इस दौरान उसे रास्ते में सन्नी मिला। उसने अचानक पिस्टल निकाल पीड़ित पर गोली चला दी। लेकिन गनीमत रही कि निशान चूक गया और पीड़ित बाल-बाल बचा। गोली की आवाज सुनकर अन्य लोग भी दौड़कर आए। तब आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना कंट्रोल रूम में दी गई तो राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद किया।