नौ सौ मीटर में बिजली-पानी के लिए खटखटाया  हाईकोर्ट का दरवाजा: उमेश अग्रवाल
गुरुग्राम। विधायक उमेश अग्रवाल का कहना है कि काम करने की इच्छा शक्ति हो तो आदमी को बहाने बनाने की नहीं रास्ता निकालने के लिए सूझ-बूझ से काम लेना होता है। आयुद्ध डिपो के नौ सौ मीटर एरिया में बसे लोगों को बिजली-पानी की कानूनी रूप से सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर यही रास्ता अपनाया। इसी प्रयास से आज नौ सौ मीटर एरिया में बसे एक लाख से अधिक लोगों को भरपूर नहरी पानी मिल रहा है और बिजली के मीटर भी लग रहे हैं।

शुक्रवार की रात नौ सौ मीटर एरिया के अशोक विहार फेस-3 की राज वाटिका में यहां के लोगों द्वारा आयोजित आशीर्वा समारोह में शामिल हजारों लोगों को संबोधित करते हुए गुरुग्राम विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि यहां से पहले चुने गए विधायकों ने मंत्री बनने के बावजूद नौ सौ मीटर एरिया में बसे लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के कोई प्रयास नहीं किए। उन्होंने लोगों को उनके हालात पर ही छोड़ दिया। लोग जब भी गिरते भू-जल स्तर की वजह से ठप्प हो रहे सबमर्सिबल पंप का हवाला देकर पानी की सरकारी व्यवस्था कराने की मांग करते तो विधायक मंत्री यह कह कर लोगों को बैरंग लौटा देते कि हाई कोर्ट की पाबंदी की वजह से वे कुछ नहीं कर सकते।

विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि लोगों की इस गंभीर समस्या से वे पहले से ही वाकिफ रहे हैं। विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से बात कर हाईकोर्ट में पानी आपूर्ति के लिए विशेष अनुमति याचिका दर्ज कराई और हाईकोर्ट की अनुमति से पूरे नौ सौ मीटर एरिया में नहरी पेयजयल उपलब्ध कराया। अब इस इलाके में पीने के पानी की भरपूर सप्लाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार एक अन्य याचिका दायर कर हाईकोर्ट से बिजली कनैक्शन की इजाजत ली गई। हाईकोर्ट की अनुमति से हजारों की संख्या में बिजली मीटर लगे हैं। 

उन्होंने कहा कि केवल बिजली-पानी ही नौ सौ मीटर में उपलब्ध नहीं कराया गया बल्कि यहां के मुख्य मार्ग सराय रोड़ सहित अशोक विहार व शीतला कालोनी सहित राजीव नगर व संजय ग्राम आदि में दर्जनों गलियां भी पक्की कराई गईं। विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि एक बार फिर जन आशीर्वाद मिलने पर उनकी नौ सौ मीटर एरिया में पार्क विकसित कराने के साथ-साथ स्ट्रीट लाईट व सीसीटीवी कैमरे लगवाने को प्राथमिकता देंगे। 

आशीर्वाद समारोह में बोलते हुए भाजपा की पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश में विकास को रफ्तार देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि विधायक उमेश अग्रवाल की यूनिवर्सिटी और मेडिकल कालेज एवं अस्पताल बनवाने की जिन योजनाओं को हरियाणा सरकार ने स्वीकृत किया उसका लाभ लाखों लोगों को मिलेगा। 

मंच संचालन कर रही भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराधा शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुंदरी खत्री ने विधायक उमेश अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता लूथरा अग्रवाल द्वारा आयोजित माता वैष्णों देवी दर्शन यात्रा और प्रयागराज कुंभ स्नान यात्रा का विशेष रूप से उल्लेख किया। इन महिला भाजपा नेताओं ने कहा कि इन धार्मिक यात्राओं को उन लोगों को भी लाभ भी मिला जो आर्थिक कारणों से इन तीर्थ यात्राओं पर स्वयं जाने में सक्षम नहीं थे। ब्राह्मण नेता मनोज भारद्वाज ने भी विधायक उमेश अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता लूथरा अग्रवाल के धार्मिक आयोजनों की प्रशंसा की।